आगरा के छीपीटोला स्थित भारतीय स्टेट बैंक में शुक्रवार को एक ठग सूट पहनकर पहुंचा और दूसरे खाताधारक की पासबुक पर अपनी फोटो चिपकाकर 46 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया। हस्ताक्षर का मिलान न होने पर बैंक कर्मचारियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसीपी सदर अमीषा के अनुसार, फरीदाबाद निवासी दीपचंद ने बैंक कर्मचारी से कहा कि उसकी पासबुक रह गई थी। कर्मचारी के पासबुक जांचते समय आरोपित ने एक पासबुक उठाकर उसे अपनी बताया और खाते में बैलेंस पूछा। कर्मचारी ने कंप्यूटर पर बैलेंस चेक किया तो खाते में 47 हजार रुपये थे। इस दौरान आरोपित ने स्क्रीन पर ग्राहक के हस्ताक्षर भी देख लिए।

इसके बाद आरोपित ने पासबुक पर अपनी फोटो चिपकाई और 46 हजार रुपये की नकद निकासी का बाउचर भरकर दूसरे काउंटर पर पहुंच गया। वह खुद को कृष्ण कुमार बता रहा था। कर्मचारी को शक हुआ तो उन्होंने हस्ताक्षर मिलाए, लेकिन मिलान नहीं होने पर बैंक मैनेजर को जानकारी दी गई। कर्मचारियों ने आरोपित को पकड़ लिया।

एसीपी ने बताया कि आरोपित के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसके दावे की पुष्टि हो सके। पुलिस उसकी पहचान और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। खाताधारक को बुलाकर उसकी तहरीर के आधार पर रकाबगंज थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।