आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय का सिविल वर्क 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद संग्रहालय अगले वर्ष पर्यटकों के लिए खुल सकेगा। शिल्पग्राम के समीप बन रहे इस संग्रहालय की लागत 198.84 करोड़ रुपये है और इसका निर्माण कार्य वर्ष 2016 में शुरू हुआ था।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह के अनुसार, भवन में सिविल वर्क अंतिम चरण में है और आंतरिक साज-सज्जा का काम भी शुरू कर दिया गया है। गैलरियों और अन्य आकर्षणों के हिसाब से बिजली फिटिंग समेत अन्य काम किए जा रहे हैं। संग्रहालय में सात गैलरियां बनाई जानी हैं, जिन्हें तैयार करने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा।
संग्रहालय को भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक वैभव और वीरता का प्रेरणा स्थल बनाया जाना है। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज की आगरा में औरंगजेब की कैद से निकलने की साहसिक योजना पर एक पूरी गैलरी रहेगी। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के साथ वीरों के साहस को भी इसमें स्थान दिया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनसे प्रेरणा मिल सके।
उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इसे नवंबर के अंत तक पर्यटकों के लिए शुरू करने की बात कही थी, लेकिन अब सिविल वर्क 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
