मुजफ्फरपुर के जिला स्कूल में सोमवार को तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में परिसर में फैली गंदगी, फ्लैक्स-बैनर और बदहाल रखरखाव सामने आया। आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाया और कहा कि यह स्कूल है या ढाबा। उन्होंने पूरे तिरहुत प्रमंडल के विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन 30 मिनट का श्रमदान अभियान चलाने का निर्देश दिया, जिसकी शुरुआत जिला स्कूल से होगी। इसमें आयुक्त स्वयं, जिलाधिकारी, डीईओ, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके लिए रोस्टर तैयार करने को कहा गया है। आयुक्त ने कहा कि सामूहिक श्रमदान से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित होगी।
आयुक्त ने विद्यालय में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर भी सवाल उठाया और पूछा कि ऐसे लोगों के विरुद्ध अब तक कितनी प्राथमिकी कराई गई है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कमरों में ताले लगाने और पंखे, स्विच सहित अन्य संसाधनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। पुराने और जर्जर नोटिस बोर्ड हटाकर साफ्ट बोर्ड लगाने तथा परिसर, पार्क और खेल मैदान की साफ-सफाई व रखरखाव के लिए माली रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा के नाम पर छुट्टी दिए जाने पर आयुक्त ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के घंटे सीमित हैं, इसलिए अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान भी इन कक्षाओं की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। बोर्ड परीक्षा को छोड़कर अन्य परीक्षाओं के समय नियमित कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था की जाए। माडल स्कूल में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति, पढ़ाई में अनियमितता और ड्रेस कोड का पालन नहीं होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
विद्यार्थियों से बातचीत में संस्कृत शिक्षक की कमी की जानकारी मिलने पर आयुक्त ने डीईओ को आसपास के विद्यालयों से संस्कृत शिक्षक प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया और जरूरत पड़ने पर निजी शिक्षक की व्यवस्था के लिए उच्चाधिकारियों से अनुरोध करने को कहा। शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम में सरकार की निर्धारित एसओपी का पालन नहीं होने और प्रोजेक्टर सहित जरूरी संसाधनों की कमी पर नाराजगी जताते हुए मानकों के अनुरूप दोबारा प्रशिक्षण कराने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कहा कि जिला स्कूल को स्टेट आफ आर्ट संस्थान के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है और 15 से 20 दिनों बाद फिर निरीक्षण किया जाएगा।
