दरभंगा के डीएमसीएच में सोमवार को मेडिसीन वार्ड वन में इलाजरत एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा आईसीयू रेफर किए जाने के बाद ट्रॉली नहीं मिलने से मरीज की जान गई। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के सकरी-बलहा गांव निवासी दिनेश मंडल के रूप में हुई है, जो डॉ. एके मिश्रा यूनिट में भर्ती थे।
परिजन सोहन कुमार के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे राउंड के दौरान डॉक्टरों ने मरीज की हालत गंभीर देख उन्हें आईसीयू में रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन ट्रॉलीमैन को खोजने लगे। सुरक्षा गार्ड आदि से पूछताछ के बाद एक ट्रॉलीमैन मिला, जिसने इंतजार करने को कहा। परिजनों का आरोप है कि रेफर के निर्देश के बाद वार्ड में उपचार बंद हो गया और ट्रॉलीमैन ने आश्वासन देकर डेढ़ घंटे से अधिक देर तक उन्हें उलझाए रखा। इस बीच दोपहर करीब एक बजे वार्ड के बेड पर मरीज की मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों के चीख-पुकार से वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आवाजाही करते ट्रॉलीमैन को देख परिजन भड़क गए, जबकि ट्रॉलीमैन ने आरोपों को नकारते हुए तू-तू मैं-मैं की। इससे वार्ड के अन्य मरीज भी सहम गए। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा सुपरवाइजर महेश सिंह और हेल्थ मैनेजर आदि ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। परिजनों ने डीएमसीएच की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतिम संस्कार के बाद स्वास्थ्य विभाग से शिकायत करेंगे।
मेडिसीन विभागाध्यक्ष डॉ. आरके दास ने बताया कि मरीज की मौत के बाद हंगामे की शिकायत मिली है, जिस पर हेल्थ मैनेजर से रिपोर्ट मांगी गई है। मौत के कारणों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
