आरा के पिपरहियां गांव निवासी संतोष यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इस मामले में मृतक की पत्नी रेखा कुमारी और उसके प्रेमी बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों गांव के ही निवासी हैं। सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच करीब सात महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वे शादी करना चाहते थे। इसी कारण पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी को उकसाया।
एसडीपीओ के मुताबिक, मुख्य आरोपित बिट्टू कुमार ने चाकू से संतोष की गर्दन, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर उसकी हत्या की। पुलिस ने आरोपित के खून लगे कपड़े बरामद कर लिए हैं, जिन्हें उसने वारदात के बाद अपने नए घर के परिसर में छिपा दिया था। मामले में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया गया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू को आरोपित ने पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, संतोष यादव 20 नवंबर को प्रतिदिन की तरह घर से गैरेज में काम करने निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर उसकी पत्नी रेखा कुमारी ने 21 नवंबर को मुफस्सिल थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अगले दिन 22 नवंबर को संतोष का शव हसनपुरा नाला से दक्षिण झाड़ी से बरामद किया गया था। भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
जांच में सामने आया कि संतोष और बिट्टू बचपन के दोस्त थे, इस कारण बिट्टू का संतोष के घर आना-जाना था। इसी दौरान रेखा और बिट्टू के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार, पूर्व नियोजित योजना के तहत 20 नवंबर की शाम बिट्टू ने फोन कर संतोष को गांजा पीने के बहाने पिपरहियां मोड़ के पास बुलाया और उसे महुआ के पेड़ के पास ले गया, जहां दोनों ने गांजा पिया। इसके बाद बिट्टू ने संतोष को हसनपुरा नाला के रास्ते घर चलने के लिए कहा और नाला के पास उसे झाड़ी में पटककर चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद बिट्टू ने रेखा को फोन कर बताया कि काम हो गया है और अब वे दोनों शादी कर सकते हैं।
