हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर शिवा ढाबे के पास शराब से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में लदी शराब की पेटियां हाईवे और डिवाइडर पर बिखर गईं, जबकि चालक घायल होकर केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, शराब से भरा ट्रक गाजियाबाद के मोहन नगर से देवरिया जा रहा था। बाबूगढ़ क्षेत्र में शिवा ढाबे के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर की ओर पलट गया, जिससे शराब की पेटियां सड़क और डिवाइडर पर बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी दीपक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक चालक युधवीर निवासी मुरादनगर, गाजियाबाद केबिन में फंस गया था। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
इसके बाद एनएच-9 की टीम के साथ मिलकर सड़क पर बिखरी शराब की पेटियों को हटवाया गया और यातायात सुचारू कराया गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शराब से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था और मामले की जांच की जा रही है। यातायात व्यवस्था सुचारू करा दी गई है।
