सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में मकई के खेत में युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ की विशेष टीम और रुन्नीसैदपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में आरोपित त्रिवेणी राय को पकड़ा। वह हत्या और एससी-एसटी एक्ट के मामलों में फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपित इब्राहिमपुर गांव के वार्ड संख्या सात निवासी शीतल राय का पुत्र बताया गया है।
थानाध्यक्ष ललित कुमार के अनुसार, आरोपित के विरुद्ध रुन्नीसैदपुर थाने में कांड संख्या 266/21 (एससी-एसटी एक्ट) और कांड संख्या 187/25 (हत्या) दर्ज है। दोनों मामलों में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और फरार रहने के कारण उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मामला 14 मई 2025 का है। उस दिन सुबह इब्राहिमपुर गांव में शीतल राय के मकई के खेत से गांव के ही बंगाली बैठा के 40 वर्षीय पुत्र रामनाथ बैठा का शव बरामद हुआ था। हत्या के बाद शव को मकई के खेत में छिपाकर घास-फूस से ढंक दिया गया था। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई थी।
इस मामले में मृतक के भाई बैद्यनाथ बैठा के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें शीतल राय और उसके तीन पुत्रों त्रिवेणी राय, विजय राय व राघव राय को आरोपित किया गया था। घटना के बाद से ही त्रिवेणी राय पुलिस की पकड़ से बाहर था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
