ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में एक बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई की कार में आग लगा दी। आगजनी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोपी भाई वारदात के बाद से फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाका चंद्रवदनी स्थित नहर वाली माता रोड निवासी अशोक कुशवाह ट्रांसपोर्ट नगर में लेथ मशीन का कारोबार करते हैं। वह अपनी ब्रेजा कार घर के पास खड़ी करते थे। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे उनके भाई प्रेम कुशवाह ने फोन कर कार में आग लगने की जानकारी दी। अशोक बाहर पहुंचे तो कार धू-धू कर जल रही थी। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार की सीट और अंदर का हिस्सा जल चुका था। कार का शीशा भी टूटा मिला।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आगजनी की पूरी घटना सामने आई। फुटेज में प्रेम कुशवाह पहले अपनी बाइक से पेट्रोल निकालते, फिर कार का कांच तोड़कर अंदर पेट्रोल डालते और आग लगाते दिखाई देते हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से चला जाता है। परिजनों के अनुसार प्रेम छोटे भाई की तरक्की से ईर्ष्या करता था, हालांकि पुलिस ने इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कार में आग लगाने के बाद से प्रेम कुशवाह घर से गायब है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे हैं। झांसी रोड थाना प्रभारी सुरभि शर्मा ने बताया कि पीड़ित ने अपने भाई पर कार में आग लगाने का आरोप लगाया है और सीसीटीवी फुटेज सहित पूरे मामले की जांच की जा रही है।
