जम्मू-कश्मीर के सभी मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही। डॉक्टर एक ही प्रदेश में सभी को बराबर स्टाइपेंड दिए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं और कह रहे हैं कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। जीएमसी जम्मू में डॉक्टरों ने सुबह कालेज परिसर में रैली निकाली और एक समान स्टाइपेंड के नारे लगाए। रैली ओपीडी के बाहर संपन्न हुई, जिसके बाद डॉक्टर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन डॉ. तरुण शर्मा के नेतृत्व में हुआ। डॉक्टरों का कहना है कि स्किम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों को उनसे अधिक स्टाइपेंड मिलता है, इसलिए उन्हें भी बराबर स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए।

जीएमसी श्रीनगर में भी डॉक्टरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री के पहुंचने पर प्रदर्शन और तेज हो गया। श्रीनगर में डॉक्टरों के समर्थन में पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती भी पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार डॉक्टरों की आवाज दबाने के लिए तानाशाही कर रही है। उन्होंने डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की और पीडीपी की ओर से पूरा समर्थन देने की घोषणा की। इल्तिजा ने कहा कि अगर किसी भी हड़ताली डॉक्टर के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई तो आंदोलन होगा।

जीएमसी श्रीनगर में प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया। मुख्य गेट के बाहर पुलिस तैनात रही और कई लोगों को भीतर जाने से रोका गया। जम्मू के कठुआ, राजौरी, उधमपुर और डोडा मेडिकल कालेजों में भी रेजिडेंट डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया। कश्मीर के बारामुला और अनंतनाग में नोटिस के बावजूद डॉक्टरों का आंदोलन जारी रहा। डॉक्टरों का कहना है कि मंगलवार को छुट्टी के दिन भी सभी मेडिकल कालेजों में शांतिपूर्वक प्रदर्शन होगा। श्रीनगर के कई जिला अस्पतालों में डीएनबी कर रहे डॉक्टरों ने भी हड़ताल का समर्थन किया है।

जीएमसी जम्मू में हड़ताल के कारण मरीजों को दिक्कतें नहीं हो रही हैं। हड़ताल के बावजूद रेजिडेंट डॉक्टर अधिकांश जगहों पर ड्यूटी दे रहे हैं। वरिष्ठ डॉक्टरों ने ओपीडी और आपरेशन थियेटरों में कमान संभाली है, लेकिन वे भी रेजिडेंट डॉक्टरों की जरूरत पड़ने पर सहायता ले रहे हैं। मेडिकल कालेज प्रबंधन हड़ताल समाप्त कराने के लिए सख्ती भी कर रहे हैं, विशेषकर नए मेडिकल कालेजों में, जहां गैर राजपत्रित कर्मचारी भी सेवा भर्ती नियम सात वर्ष से अधिसूचित न होने के विरोध में हड़ताल पर हैं। राजौरी मेडिकल कालेज में गैर राजपत्रित कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। इन नए मेडिकल कालेजों में मरीज दरबदर हो रहे हैं और ओपीडी सेवाओं तथा रूटीन सर्जरी प्रभावित हो रही हैं।