पटियाला के पातड़ां-समाना मार्ग पर सोमवार सुबह ट्राले और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। थाना सदर समाना के अंतर्गत गांव प्रेम सिंह वाला के पास तीखे मोड़ पर हुए इस हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान लखविंदर कौर निवासी गांव फतेहगढ़, जिला संगरूर के रूप में हुई है।

घायलों में सरबजीत कौर, सुखपाल कौर, जसविंदर कौर, बलजीत कौर, रणजीत कौर, जसवीर कौर और कार चालक शामिल हैं। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से सात घायलों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया। सड़क सुरक्षा फोर्स के हेड कांस्टेबल संजू कुमार और उनकी टीम ने मौके पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घायल सरबजीत कौर ने बताया कि वे रिश्तेदारों और अन्य महिलाओं के साथ हरियाणा के यमुनानगर स्थित एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने जा रहे थे और सोमवार सुबह संगरूर से कार में रवाना हुए थे। गांव प्रेम सिंह वाला के मोड़ पर सामने से आ रहे ट्राले ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जाता है कि सड़क पर तीखा मोड़ होने के कारण वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है, और सोमवार सुबह हल्की धुंध तथा तेज रफ्तार के कारण टक्कर हुई। अर्टिगा कार में सात लोगों के बैठने की क्षमता है, लेकिन इसमें नौ लोग सवार थे।

हादसे के बाद ट्राला चालक फरार हो गया। थाना सदर समाना के प्रभारी ने कहा कि घटना के बाद ट्राले की पहचान हुई है और आरोपित को काबू करने के लिए पुलिस टीम लगी है। सदर समाना पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।