उदयपुर जिले के गोगुंदा के मजावड़ी गांव में संपत्ति विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई समाज की बैठक में एक परिवार पर पांच लाख रुपए का दंड लगाने और सामाजिक बहिष्कार करने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि पंचों ने उन्हें समाज, रिश्तेदारों और गांव के लोगों से अलग-थलग कर दिया और राशि न देने तक बहिष्कार जारी रखने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर गोगुंदा थाने में समाज के अध्यक्ष सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
परिवार के मुखिया मीठालाल प्रजापत ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि पंचों ने साफ कहा कि जब तक पांच लाख रुपए नहीं दिए जाएंगे, तब तक परिवार समाज से बाहर रहेगा और बहन-बेटियों को भी गांव के लोगों से कोई रिश्ता नहीं रखने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वे अहमदाबाद में रहते हैं और बैठक से महज 20 घंटे पहले उन्हें सूचना दी गई थी। अपना पक्ष रखने और समय देने की गुहार के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई। परिवार का कहना है कि इस फैसले के बाद वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं और सदमे में हैं।
परिवाद के अनुसार, मीठालाल मजावड़ी के मूल निवासी और वरिष्ठ नागरिक हैं। पारिवारिक संपत्ति को लेकर भाइयों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके लिए 4 अक्टूबर को समाज की बैठक बुलाई गई थी। आरोप है कि इस बैठक में दबावपूर्वक फैसले कराए गए और समाज के अध्यक्ष हीरालाल समेत छह लोगों ने परिवार को बहिष्कार का फरमान सुनाया। परिवार ने आरोप लगाया कि समाज के नाम पर ब्लैकमेटिंग और अवैध वसूली की जा रही है, और पूर्व में दिए गए रुपयों का हिसाब भी रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया।
परिवाद में प्रजापत समाज चौखला गोगुंदा के अध्यक्ष हीरालाल पुत्र खीमा जी, घमालाल पुत्र अंबालाल, प्रभुलाल पुत्र केशूलाल, रामलाल पुत्र स्व. नवलाजी, रूपलाल पुत्र स्व. नवलाजी और तुलसीराम पुत्र रामलालजी को आरोपी बनाया गया है। गोगुंदा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308, 61(1), 111, 189(1) और 356 में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
