आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित एक मैरिज होम में शुक्रवार रात शादी समारोह के दौरान दूल्हे का करीब 30 तोले का सोने का कड़ा चोरी हो गया। कड़ा चोरी करने का आरोप आगरा के एक पूर्व विधायक के पौत्र पर लगा है।

जानकारी के अनुसार, कड़ा गायब होने पर समारोह में मौजूद लोगों को एक युवक पर शक हुआ। युवक पूर्व विधायक का पौत्र बताया जाता है। लोगों ने उससे कड़े के बारे में पूछताछ की और तलाशी देने को कहा, लेकिन उसने विरोध किया। इससे लोगों का शक और गहरा गया।

आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने जबरन उसकी तलाशी ली और उसकी जेब से दूल्हे का कड़ा बरामद हो गया। कड़ा मिलते ही गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने किसी तरह उसे भीड़ से छुड़ाया और मैरिज होम से बाहर निकाला।

घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पूर्व विधायक के परिवार से जुड़े युवक का नाम सामने आने के कारण समारोह में देर तक इस घटना की चर्चा होती रही। कड़ा बरामद होने के बाद इस मामले में पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई है।