उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पश्चिमी यूपी में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद कल सहारनपुर पहुंचेंगे। दोनों नेताओं का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की राजनीतिक सक्रियता के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इसके जरिए गठबंधन पश्चिमी यूपी में अपनी राजनीतिक मौजूदगी का संदेश देने की तैयारी में है।

एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष साजिद प्रधान के मुताबिक, दोनों नेता दोपहर 12 बजे सहारनपुर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम को लेकर सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता और छुटमलपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद के आवास पर जाने की भी चर्चा है, हालांकि इन दोनों कार्यक्रमों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दोनों दलों के बीच गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर भी बातचीत चल रही है। साजिद प्रधान के मुताबिक, एआईएमआईएम ने गठबंधन के तहत चार विधानसभा सीटों की मांग रखी है। अभी यह तय नहीं हुआ है कि पार्टी के हिस्से में कितनी सीटें आएंगी। चार सीटों की मांग के साथ पार्टी आगामी चुनाव में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी मजबूत करने की तैयारी में है।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त राजनीतिक सक्रियता को सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सहारनपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन और जनसंपर्क की गतिविधियों को तेज किया जाएगा। ओवैसी पहले भी सहारनपुर में लगातार राजनीतिक गतिविधियां जारी रखने की बात कह चुके हैं।