मुंबई और हैदराबाद में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मेटा के दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया। मुंबई में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पोस्टर जलाए, जबकि हैदराबाद में प्रदर्शनकारियों ने दफ्तर में घुसकर गमले तोड़े। कांग्रेस का आरोप है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर राहुल गांधी और पार्टी से जुड़ी पोस्ट हटाई जा रही हैं और पार्टी पदाधिकारियों के अकाउंट सस्पेंड किए जा रहे हैं।

मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शबरीन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मेटा के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध में बनाए पोस्टर जलाए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पोस्टर भी जलाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड करना विरोधी विचारों को चुप कराने की सोची-समझी कोशिश है।

शबरीन ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को सरकार से सवाल पूछने और अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि अकाउंट सस्पेंड करके यह अधिकार छीनने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान मेटा को बीजेपी का करीबी बताने वाले नारे भी लगाए गए। शबरीन ने कहा कि लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने के खिलाफ यूथ कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।

गुरुग्राम में एडवोकेट निशित कटारिया की अगुवाई में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेटा दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। कटारिया ने कहा कि जो प्लेटफॉर्म लोगों की आवाज दबाता है, उसे जवाब देना होगा और मेटा की सेंसरशिप को चलने नहीं दिया जाएगा। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि चिब और शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए गए हैं।