राजस्थान पंचायती राज चुनाव की मतगणना में हाड़ौती अंचल के बूंदी और झालावाड़ जिलों के नतीजे सामने आए हैं। बूंदी जिला परिषद की 27 सीटों में से कांग्रेस ने 20 वार्डों पर जीत दर्ज कर जिला प्रमुख बनाना तय कर लिया है, जबकि भाजपा केवल 6 सीटों पर सिमट गई। वार्ड-14 का परिणाम होल्ड रखा गया है। बूंदी की 8 पंचायत समितियों में कांग्रेस को 5 में पूर्ण बहुमत मिला है, जबकि केशोरायपाटन और लाखेरी में नरेश मीणा समर्थित बसपा-बीएसएस गठबंधन ने 6-6 सीटें जीतकर सियासी गणित उलझा दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह जिले झालावाड़ में मुकाबला कांटे का रहा। जिला परिषद के कुल 33 वार्डों में भाजपा ने 17 सीटों पर जीत दर्ज कर मामूली बढ़त के साथ बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस ने 16 सीटों पर कब्जा जमाकर सत्ताधारी दल को कड़ी टक्कर दी। जिले की 8 पंचायत समितियों में से 6 पर बढ़त बनाकर कांग्रेस ने ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ का एहसास कराया है।
बूंदी जिले की सभी 8 पंचायत समितियों के कुल 141 सीटों पर कांग्रेस को 76, भाजपा को 39, बसपा को 22 और निर्दलीयों को 4 सीटें मिलीं। इनमें 5 में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला, जबकि 3 में त्रिशंकु स्थिति बनी है। नैनवां में कांग्रेस सबसे बड़ा दल रही, जहां बसपा-निर्दलीय निर्णायक साबित हो सकते हैं। केशोरायपाटन में बसपा सबसे बड़ा दल के रूप में उभरी, जहां निर्दलीय व रिपोलिंग निर्णायक हैं, और लाखेरी में कांग्रेस व बसपा 6-6 सीटों के साथ बराबरी पर हैं।
