ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स संसद में गुरुवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब लिबरल पार्टी के सांसद जॉर्डन लेन ने अपने विदाई भाषण के दौरान अपनी लंबे समय की पार्टनर नताली को शादी के लिए प्रपोज किया। राइड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले 32 वर्षीय लेन ने विधानसभा में अपने अंतिम संबोधन के दौरान कहा, "अध्यक्ष महोदय, राइड के सदस्य के रूप में मेरा आखिरी सवाल मेरी प्रिय नताली के लिए है। क्या तुम मुझसे शादी करोगी?"
नताली पब्लिक गैलरी से यह पल देख रही थीं। उन्होंने तुरंत प्रस्ताव स्वीकार कर लिया, जिसके बाद सदन में तालियां गूंज उठीं। लेन ने उनकी उंगली में सगाई की अंगूठी पहनाई और उन्हें चूमा। उन्होंने सदन में यह भी कहा कि वे संसदीय रिकॉर्ड (हंसार्ड) में दर्ज कराना चाहते हैं कि नताली ने हां कहा है।
इस मौके पर NSW विधानसभा के अध्यक्ष ग्रेग पाइपर ने कहा कि 58वीं संसद को "प्यार की संसद" के रूप में याद किया जाएगा। यह प्रस्ताव ऐसे समय आया जब लेन राइड के सांसद के तौर पर अपना आखिरी भाषण दे रहे थे। कुछ हफ्ते पहले ही उन्होंने घोषणा की थी कि वे मार्च 2027 के राज्य चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे।
2023 से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे लेन ने अपने भाषण में सार्वजनिक जीवन के अनुभवों, राजनीति से दूर होने के अपने फैसले और उन लोगों के बारे में बात की जिन्होंने उनका समर्थन किया था।
