शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के फोरम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रही है। इस मामले पर अब भाजपा की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा नेता नलिन कोहली ने स्पष्ट किया है कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में कोई बदलाव नहीं हुआ है और पाकिस्तानी मंत्री को अलग से कोई न्यौता नहीं दिया गया था।
भाजपा नेता नलिन कोहली ने बात करते हुए कहा कि यह एक बहुदेशीय सम्मेलन है, जिसमें सभी देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का रुख साफ है कि आतंकवाद और बातचीत साथ नहीं चल सकते। कोहली ने यह भी कहा कि भाजपा को विदेश नीति के मुद्दे पर कांग्रेस से सीखने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पाकिस्तानी मंत्री के पुराने बयानों का हवाला देते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने सिंधु जल संधि के संदर्भ में मंत्री के बयान का जिक्र किया। सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी मंत्री की एक तस्वीर साझा करते हुए कथनी और करनी में अंतर का जिक्र किया।
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत की यात्रा पर आया है। पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक एससीओ की सिविलाइजेशनल डॉयलॉग में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। इससे पहले तीन साल पहले तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी एससीओ समिट के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे।
