पोटका विधानसभा क्षेत्र के हरिणा पंचायत के पाण्डरशोली गांव में शुक्रवार को 220/132 केवी ग्रिड सब-स्टेशन जादूगोड़ा (न्यू) का भूमि पूजन किया गया। करीब 70 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड की ओर से कराया जाएगा और इसे 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। परियोजना विधायक संजीव सरदार की पहल पर राज्य सरकार से स्वीकृत की गई है। भूमि पूजन कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी उपस्थित रहे।
सब-स्टेशन चालू होने से पोटका, हाता, जादूगोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि क्षेत्र को बिजली आपूर्ति के लिए दो स्रोत उपलब्ध होंगे। ऐसे में किसी एक स्रोत में तकनीकी खराबी आने पर दूसरे स्रोत से आपूर्ति बहाल रखने में मदद मिलेगी। इससे बिजली कटौती की समस्या कम करने और आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने में सहूलियत होगी।
मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह परियोजना केवल एक ग्रिड सब-स्टेशन नहीं, बल्कि पोटका के विकास और समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बेहतर बिजली व्यवस्था से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजगार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा। बिजली की उपलब्धता बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने परियोजना की स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार के प्रति आभार जताया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक संजीव सरदार, बिजली विभाग के जीएम रमेश राय, संचरण विभाग के कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, पूर्व पार्षद किशोर यादव, मुखिया सरस्वती मुर्मू, ग्राम प्रधान बज्रांकन दंडपाठ एवं रामकृष्ण मंडल, मनोज सरदार, अंचल निरीक्षक हेमंत कुमार, थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
