रानाघाट में भाजपा नेत्री पियाली विश्वास को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर कारोबारियों से कथित वसूली और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नदिया दक्षिण सांगठनिक जिला भाजपा की सदस्य बताई जा रही पियाली पर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप भी हैं। गुरुवार को उन्हें रानाघाट अदालत में पेश किया गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पियाली फोन पर रानाघाट के कई कारोबारियों से रुपये मांग रही थीं और मांग पूरी न होने पर कारोबार बंद कराने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रही थीं। आरोप है कि गुरुवार रात वह अपने समर्थकों के साथ एक स्थान पर पहुंचीं और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की लिखित शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार नेत्री ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है। उनका दावा है कि जिन लोगों को कारोबारी बताया जा रहा है, वे वास्तव में जुआ-सट्टा चलाते हैं और तृणमूल नेता आनंद दे के संरक्षण में जुए का अड्डा चलाया जा रहा है। पियाली का कहना है कि वह वहां कार्रवाई करने पहुंची थीं और इसी वजह से उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। घटना के दौरान उन्होंने फेसबुक लाइव भी किया था।
रानाघाट के भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर पियाली का समर्थन किया है। उन्होंने वसूली के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि लाइव वीडियो में जुए-सट्टे के अड्डे के खिलाफ कार्रवाई का दृश्य मौजूद है। सांसद का दावा है कि सरकार बदलने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऐसे अड्डों को बंद कराने के लिए पियाली और उनके साथी वहां पहुंचे थे। उनके अनुसार, जुआ चलाने वालों ने स्थानीय महिलाओं को बुलाकर उन पर हमला कराया। सांसद ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के इशारे पर पियाली को झूठे मामले में फंसाया गया है और उन्होंने इसके पीछे शामिल लोगों को जवाबदेह ठहराने की चेतावनी दी है।
