राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत पर राहुल गांधी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने राज्य की जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि भरोसे पर खरे उतरने की जिम्मेदारी अब कांग्रेस की है। राहुल गांधी ने राजस्थान पीसीसी की पोस्ट रीशेयर करते हुए लिखा कि ग्रामीण भाइयों-बहनों ने पंचायत चुनाव में कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वह अब पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जवाब भाजपा शासित राज्य की तरफ से आया है, वह भी सीधे 'डबल इंजन' को।
राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर मनरेगा पर हमला करने, किसानों को घाटे में डुबोने और पंचायतों के अधिकार छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और पलायन से गांव सूने हो गए और गांव अब बोल पड़ा है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ राजस्थान का जनादेश नहीं बल्कि देश के हर गांव की आवाज है।
कांग्रेस सांसद और मीडिया विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा ने भी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संदेश दिया। उन्होंने पोस्ट शेयर कर दावा किया कि राज्य की 4,958 पंचायत सीटों में से भाजपा को केवल 1,512 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस करीब 2,463 सीटों पर विजयी रही। खेड़ा ने कहा कि पहले राजस्थान में 352 पंचायत समितियां थीं और तब भाजपा 129 पर जीती थी, अब समितियों की संख्या 457 हो गई है लेकिन भाजपा केवल 69 पर सिमट गई, जबकि कांग्रेस ने 264 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की।
खेड़ा ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि क्या किसी ने मोदी जी को राजस्थान में उनकी शानदार लोकप्रियता पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बिस्तर गोल हो रहा है। बता दें कि राजस्थान के पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस ने भारी बहुमत से जीत हासिल की है।
