अमेरिका के फ्लोरिडा में अटलांटिक बीच सिटी कमीशन की एक सीट के लिए हुए चुनाव में दोनों उम्मीदवारों को बराबर वोट मिलने के बाद सिक्का उछालकर विजेता का फैसला किया गया। इस प्रक्रिया में जेनिफर लैग्नर ने जीत हासिल की। 3 नवंबर को हुए चुनाव में लैग्नर और उनकी प्रतिद्वंद्वी लिसा हेरोल्ड दोनों को 3,162-3,162 वोट मिले थे।

फ्लोरिडा कानून के तहत वोट बराबर होने की स्थिति में लॉट या सिक्का उछालकर नतीजा तय किया जा सकता है। डुवाल काउंटी सुपरवाइजर ऑफ इलेक्शन ऑफिस में बेस्ट ऑफ थ्री के नियम से सिक्का उछाला गया। पहला मौका हेरोल्ड को मिला, उन्होंने हेड्स कहा लेकिन सिक्का टेल्स आया। दूसरे मौके पर लैग्नर ने हेड्स कहा और सिक्का हेड्स ही आया, जिससे वे 2-0 से विजेता घोषित हो गईं। तीसरे राउंड की जरूरत नहीं पड़ी और पूरी प्रक्रिया महज 20 सेकंड में पूरी हो गई।

इससे पहले एक ओवरसीज बैलेट आने की उम्मीद थी, लेकिन उसमें इस सीट के लिए कोई वोट नहीं डाला गया था, जिससे बराबरी बनी रही। जेनिफर लैग्नर ने कहा कि यह दिखाता है कि हमारा देश कितना महान और स्वतंत्र है। हारने वाली उम्मीदवार लिसा हेरोल्ड ने भी इसे एक अविश्वसनीय अनुभव बताया।