ब्रज क्षेत्र में आगामी चुनावों को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आगरा से मथुरा तक 2027 की सियासी हलचल बढ़ गई है। 15 नवंबर को आगरा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दलित महासम्मेलन में पीडीए के 'डी' को 'दमदार दलित' बताकर सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की। वहीं, 16 और 17 नवंबर को मथुरा के परखम में भाजपा ने 'राधे-राधे, कमल खिला दे' और 'अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी' जैसे नारों के साथ सुरक्षा, सुशासन और विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई।

65 विधानसभा सीटों वाला ब्रज क्षेत्र राजनीति की नई प्रयोगशाला बन रहा है। 2017 में भाजपा ने यहां 57 और 2022 में 53 सीटों पर जीत दर्ज की थी। सपा 'यादव, मुस्लिम और तीसरी जाति' को जोड़कर जीत की तैयारी में है, जबकि बसपा नए तेवर के साथ जमीन मजबूत करने में जुटी है। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा ने बदायूं, आंवला, फिरोजाबाद और एटा सीटें भाजपा से छीन थीं।

जनता में विकास, रोजगार और प्रत्याशियों को बदलने की व्यग्रता दिख रही है। किसान खाद न मिलने और फार्मर आईडी की व्यवस्था से परेशान बताए जा रहे हैं, जबकि जिले के 156 कोल्ड स्टोर संचालक लागत मूल्य वापस करने की मांग कर रहे हैं। मथुरा में जन्मभूमि के आसपास रहने वाले कुछ लोग इस मुद्दे को दोबारा छेड़ना नहीं चाहते। योगमाया शक्तिपीठ की महंत वंदना पराशर ने सवाल किया कि भ्रष्टाचार पर राजनीति क्यों नहीं हो रही। वहीं, गीता प्रेस की किताबें बेचने वाले अरुण कुमार गोयल का कहना है कि जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार दर्शन करने आ चुके हैं, वहां सपाई और कांग्रेसी क्यों नहीं आए।