जयपुर: राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 की मतगणना में कई बड़े सियासी उलटफेर सामने आए हैं। 37 जिलों के परिणामों में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्ष के कई कद्दावर नेताओं के करीबी रिश्तेदार अपनी सीट नहीं बचा सके। मतदाताओं ने दिग्गज नेताओं के परिवारों को नकारते हुए बड़ा झटका दिया है।
भजनलाल सरकार में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के गढ़ सीकर में उनके परिवार के चार सदस्य हार गए। अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 17 से भाजपा प्रत्याशी उनकी पत्नी शांति देवी कांग्रेस की सरिता जाट से महज 51 वोटों से हारीं। उनके बेटे अजय सिंह (भाजपा) और निर्दलीय दुर्गा सिंह खर्रा भी पराजित हुए, जबकि जिला परिषद वार्ड 23 से निर्दलीय लड़ीं उनके छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को भी हार मिली।
कांग्रेस सांसद संजना जाटव अपने परिवार के सदस्य को जीत नहीं दिला सकीं। अलवर की कठूमर पंचायत समिति से चुनाव लड़े उनके जेठ श्रीनिवास जाटव हार गए। वहीं, कठूमर से भाजपा विधायक रमेश खींची की दोनों पुत्रवधुओं दीपिका खींची और बिंदू को भी हार का सामना करना पड़ा।
अजमेर में दिग्गज नेता भंवर सिंह पलाड़ा की पत्नी सुशील कंवर पलाड़ा जिला परिषद वार्ड नंबर 2 से चुनाव हार गईं। नागौर के डेगाना से भाजपा विधायक अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी वार्ड नंबर 13 से 1,539 वोटों के अंतर से पराजित हुईं। जयपुर जिला परिषद की निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी सुनील कुमावत ने हराया।
