लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को मैदान में उतारा है। मोर्चा अब अखिलेश यादव और भाजपा पर हमलावर है। AIMIM ने दावा किया है कि वह पहले यूपी और फिर देश में सरकार बनाएगी।

AIMIM के प्रवक्ता और अधिवक्ता शादाब चौहान ने कहा है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा पहले नवाबों के शहर लखनऊ पर कब्जा करेगा और फिर दिल्ली के लाल किले पर हरा झंडा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा के लोगों का अहंकार चकनाचूर होने वाला है।

शादाब चौहान ने आरोप लगाया कि जब मुसलमानों पर अत्याचार हो रहा था, तब अखिलेश यादव और सपा ने कोई आवाज नहीं उठाई। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को भाजपा की बी टीम बताए जाने पर उन्होंने सपा पर पलटवार किया और कहा कि हर कोई जानता है कि वास्तव में कौन किसके साथ मिला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले नौ सालों में मुसलमानों की मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया गया, गोलियां मारी गईं और फर्जी मुठभेड़ें हुईं, लेकिन अखिलेश यादव और शिवपाल यादव कहीं नजर नहीं आए।

चौहान ने सवाल उठाया कि ED और CBI पूरे देश में सक्रिय हैं, फिर भी वे अखिलेश यादव या डिंपल यादव के दरवाजे पर दस्तक नहीं देतीं, आय से अधिक संपत्ति के मामलों में भी नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में अखिलेश और मुख्यमंत्री योगी के बीच म्यूजिकल चेयर गेम चल रही है।