भारत और नेपाल के बीच सोमवार को अयोध्या को जनकपुर से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा सरयू कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों के मुताबिक यह सेवा 28 नवंबर से यात्रियों के लिए शुरू होगी और सप्ताह में एक दिन चलेगी।

अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी इस ट्रेन से लगभग 19 घंटे में तय होगी। ट्रेन में 17 एलएचबी कोच होंगे और कुल 1,158 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। इसमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच, एक सीटिंग कोच और एक पावर कोच शामिल है। अधिकारियों के अनुसार ट्रेन का ठहराव जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकपुर और अयोध्या धाम पर होगा।

अयोध्या कैंट से ट्रेन प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में यह प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी। अधिकारियों के मुताबिक इससे दोनों धार्मिक केंद्रों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इस सेवा से दोनों क्षेत्रों के प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे। उन्होंने इसे अवध और मिथिला को करीब लाने वाला उपहार बताते हुए राम भक्तों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नेपाली श्रद्धालु राम लला के दर्शन के लिए आ सकेंगे और भारतीय श्रद्धालु मां जानकी का आशीर्वाद लेने जा सकेंगे।