प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास पर आयोजित प्रकाश पर्व कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शबद कीर्तन सुना और गुरबानी में शिरकत की। यह पहला मौका है जब मोदी दिल्ली के एलजी आवास पहुंचे। गुरु नानक का प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा।

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में आता है तो उसके साथ पूरे परिवार के सपने बिखर जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश का हर युवा नशे से आजाद होकर अपने सपने पूरे करे और आगे बढ़े। इस प्रयास में परिवारों की बड़ी भूमिका है। उनके मुताबिक, संगत और गुरुद्वारे मिलकर युवाओं को सही रास्ता दिखा सकते हैं।

पीएम ने कहा कि गुरुनानक देव जी कीर्तन को साधना और ज्ञान का सागर मानते थे। गुरुद्वारों में मत्था टेकना, लंगर चखना और सिख संतों की संगत उनके जीवन का सहज हिस्सा रहा है। उन्होंने गुरु तेगबहादुर जी की शहादत के 350 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए कहा कि सिख परंपरा राष्ट्र और संस्कृति के लिए सब कुछ न्योछावर करने की प्रेरणा देती है।

बता दें कि पिछले महीने 25 सितंबर को पीएम मोदी दिल्ली के दीनदयाल पार्क में जेन-जी के बीच पहुंचे थे। वह पंडित दीनदयाल की 110वीं जयंती पर हुए भजन क्लबिंग कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने खंजरी बजाई और भजनों पर गुनगुनाते भी नजर आए थे।