सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन गंगा स्नान और शाम को दीपदान की परंपरा है। मान्यता है कि गंगा स्नान से पापों का क्षय होता है और नदी किनारे दीपदान करने से दस यज्ञों के बराबर पुण्य मिलता है। ज्योतिषाचार्य पंडित दिनकर झा के अनुसार, इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर कृतिका नक्षत्र रहेगा। शाम 04:06 बजे तक परिघ योग रहेगा, इसके बाद शिव योग होगा। रात्रि 11:25 बजे के बाद रोहिणी नक्षत्र शुरू होगा। पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात्रि 11:42 बजे से शुरू होकर 24 नवंबर की रात्रि 08:23 बजे समाप्त होगी।
24 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में स्नान-दान का समय सुबह 05:03 से 05:57 बजे तक, अभिजित मुहूर्त सुबह 11:47 से दोपहर 12:29 बजे तक और विजय मुहूर्त दोपहर 01:53 से 02:36 बजे तक है। चंद्रोदय लगभग 05:01 बजे होगा। दीपदान का समय शाम 05:08 से 07:47 बजे तक रहेगा। मान्यता है कि ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अंगिरा और आदित्य ने इस तिथि को महापुनीत पर्व माना है। इसी दिन चंद्रायण व्रत पूरा होता है। भगवान विष्णु ने इसी दिन मत्स्यावतार लिया था और गंगा-गंडक संगम पर गज की पुकार सुनकर ग्राह का संहार कर उसकी रक्षा की थी।
पंडित झा ने बताया कि ब्राह्मणों और गरीबों को दान, भोजन, क्षीर व शिक्षा दान तथा बड़ों का आशीर्वाद लेने से विष्णु की कृपा मिलती है। मंदिर, पीपल के नीचे, चौराहे या नदी किनारे दीप जलाए जाते हैं। इसी दिन गुरु नानक देव का जन्म हुआ था। सिख समुदाय गुरुद्वारों में उनके वचन सुनता, धर्म के मार्ग पर चलने का प्रण लेता और लोगों को भोजन कराता है। यह दिन गुरु पर्व कहलाता है। पंडित पवन झा के अनुसार, शिव ने इसी दिन त्रिपुरासुर और उसके पुत्रों का वध किया था, इसलिए इसे त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहते हैं। मंदिरों में दीप जलाकर देव दीपावली मनाई जाती है।
