बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान के बाद सियासी बवाल के बीच योगगुरु बाबा रामदेव भी इस विवाद में कूद गए हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबा बागेश्वर को पाखंडी और धूर्त बताया और उनका मजाक भी बनाया। रामदेव ने कहा कि इन कथावाचकों ने न वेद पढ़े हैं और न महाभारत। उन्होंने कहा कि ये लोग कहते हैं कि राम महान हैं और कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं।
रामदेव ने कहा, 'कुछ लोग न वेद पढ़े हैं और न दर्शन उपनिषद। न रामायण पढ़ी, न महाभारत। न संविधान जानते हैं, न लोकतंत्र। बस खड़े होकर बकवास करते रहते हैं। कहते हैं कि हम सनातन बचाएंगे, हिंदू धर्म बचाएंगे। पाखंडी कहीं के, धूर्त।' उन्होंने आगे कहा कि देवी-देवताओं की हंसी उड़ाना गलत है और सनातन का छोटा सा पक्ष लेकर भीड़ को उत्तेजित करने वाले ढोंगी कथाकार धर्म के नाम पर भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को ठगते हैं। रामदेव ने कहा कि पहले वे समझाते हैं और न समझने पर मंच से बोलना पड़ता है, ताकि लोगों को पता लगे कि सनातन के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड नहीं किया जा सकता।
दरअसल, एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के बीच तुलना की थी और कहा था कि तुम्हारे कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं जबकि हमारे राम सीधे हैं। इस बयान पर अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद कुंडा में बाबा बागेश्वर की रामकथा हुई, जिसके आयोजक राजा भैया थे। कथा के बाद शास्त्री वृंदावन पहुंचे और अखिलेश यादव से कहा कि अगर वे कृष्ण भक्त हैं तो मथुरा-वृंदावन आएं।
