महुवन से टूंडला तक बने उत्तरी बाईपास पर वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की तुलना में तीन से साढ़े तीन गुना तक टोल देना पड़ रहा है। इसके कारण 400 करोड़ रुपये की लागत से बने इस बाईपास का उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यह बाईपास इसलिए बनाया गया था कि गैर-गंतव्य भारी वाहन शहर में प्रवेश न करें और प्रदूषण कम हो। लेकिन अधिक टोल से बचने के लिए ट्रक अब भी शहर के बीच से गुजर रहे हैं, जिससे जाम लगने के साथ दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
मथुरा के महुवन से फिरोजाबाद के टूंडला तक जाने के दो रास्ते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से जाने पर केवल महुवन टोल प्लाजा पड़ता है, जबकि दूसरा रास्ता 14 किमी के उत्तरी बाईपास और यमुना एक्सप्रेसवे से होकर जाता है। उत्तरी बाईपास से गुजरने वाले वाहनों को महुवन के बाद मिडावली और खंदौली पर भी टोल देना पड़ता है। इससे कार को 105 की जगह करीब 365 रुपये और ट्रक को 570 की जगह करीब 1820 रुपये देने पड़ते हैं।
अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता केसी जैन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई विचाराधीन है। कोर्ट ने 16 अक्टूबर को नोटिस जारी किया था और मामले में 16 दिसंबर को सुनवाई प्रस्तावित है। याचिका में टोल कम करने और शहर को जाम व हादसों से बचाने की मांग की गई है। इससे पहले जैन ने मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव परिवहन और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजा है।
जैन के अनुसार, उत्तरी बाईपास इसलिए बनाया गया था कि भारी वाहन शहर में प्रवेश न करें, लेकिन जब उसी सफर पर तीन गुना टोल लगेगा तो ट्रक शहर से ही जाएंगे। उन्होंने कहा कि टोल उतनी ही दूरी का लिया जाए जितनी सड़क इस्तेमाल हुई, तभी आगरा को जाम और हादसों से राहत मिलेगी।
