दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की बेंच ने कहा कि कोर्ट चाहता है कि दिल्ली में सिर्फ BS6 वाहन चलें। अगर NCR में संभव न हो तो कम से कम दिल्ली में यह व्यवस्था लागू होनी चाहिए। कोर्ट ने इस बार सिर्फ AQI पर चिंता जताने के बजाय प्रदूषण रोकने के लिए 5 साल का दीर्घकालिक प्लान भी मांगा है।

BS6 यानी भारत स्टेज 6 वे मोटर वाहन हैं, जो भारत में बनाए, बेचे और रजिस्टर किए जाते हैं। ये 1 अप्रैल 2020 से लागू सख्त उत्सर्जन मानकों का पालन करते हैं। BS6 मानक यूरो 6 नियमों के करीब हैं और पुराने BS4 वाहनों की तुलना में जहरीले धुएं से निकलने वाले प्रदूषक कणों को काफी कम करते हैं।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले कमर्शियल वाहनों को रोकने की योजना बनानी होगी, लेकिन जरूरी सामान की सप्लाई भी नहीं रुकनी चाहिए। चीफ जस्टिस ने स्टेट बॉर्डर पर वेयर हाउस बनाने का सुझाव दिया और पूछा कि क्या वहां से बैटरी से चलने वाले या प्रदूषण न फैलाने वाले वाहनों से सामान शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था इस साल या अगले साल संभव न हो, लेकिन इसे 5 साल में क्यों नहीं किया जा सकता।

कोर्ट ने NCR राज्यों से प्रदूषण के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने को भी कहा और सवाल किया कि संबंधित राज्य इस प्रक्रिया में सक्रिय हिस्सा क्यों नहीं ले रहे। कोर्ट ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों को NCR में प्रदूषण कम करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने वाली स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। इससे पहले भी कोर्ट वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को खराब होती हवा का बड़ा कारण बता चुका है और गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम व फरीदाबाद से जुड़ी सड़कों पर वाहनों की बड़ी संख्या का जिक्र कर चुका है।