दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 1998 में बुद्ध विहार में एक युवक की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे रामू को अयोध्या से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रामू मूल रूप से यूपी के गोंडा जिले का रहने वाला है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगभग तीन दशक तक अलग-अलग राज्यों में अपना ठिकाना बदलता रहा।
क्राइम ब्रांच के उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक, 13 मार्च 1998 को बुद्ध विहार स्थित एक झोपड़ी से मोहित का शव बरामद हुआ था, जो बिहार के मधुबनी का रहने वाला था। उसके गले पर गला घोंटने के निशान मिले थे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। इस संबंध में सुल्तानपुरी थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में सामने आया कि मोहित और रामू एक ही कोयले की दुकान पर काम करते थे और दोनों के बीच झगड़े के बाद रामू पर हत्या करने का आरोप लगा। पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी और 24 जनवरी 2000 को तीस हजारी अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी की कोई तस्वीर उपलब्ध नहीं थी, जिससे उसे पकड़ना क्राइम ब्रांच के लिए बड़ी चुनौती था। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल मिंटू यादव के जरिए आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुराने अदालती और थाने के रिकॉर्ड खंगाले गए। एसीपी विवेकानंद पाठक की देखरेख और इंस्पेक्टर राबिन त्यागी के नेतृत्व में गठित टीम ने जानकारी जुटाकर 21 नवंबर को अयोध्या से रामू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह करीब नौ साल मुंबई, 12 साल पंजाब और सात साल बिहार में रहा और श्रमिक के रूप में काम करते हुए लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। बाद में वह अयोध्या में बस गया और अपने पैतृक गांव में खेती करने लगा। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
