फरीदाबाद में सातवें विश्व भूस्खलन मंच का आयोजन किया गया है, जिसमें 75 देशों के विशेषज्ञ भूस्खलन से बचाव, समय रहते चेतावनी और जोखिम कम करने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। अमृता विश्व विद्यापीठम की मेजबानी में हो रहे इस मंच का उद्घाटन सोमवार को केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया। यह मंच भारत और दक्षिण एशिया में पहली बार आयोजित किया गया है और 27 नवंबर तक चलेगा।

आयोजन में 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। मंच पर भूस्खलन की पूर्व चेतावनी, आधुनिक तकनीक, जोखिम आकलन और सुरक्षित निर्माण जैसे विषयों पर मंथन किया जा रहा है। भूस्खलन से बचाव के लिए प्रस्तावित फरीदाबाद घोषणा-पत्र भी उद्घाटन दिवस पर विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। इस मंच का उद्देश्य भूस्खलन के जोखिम को कम करने और सुरक्षित एवं आपदा-सहनीय समुदाय तैयार करने के लिए वैश्विक स्तर पर रणनीति विकसित करना है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत भूस्खलन के जोखिम से निपटने के लिए लगातार अपनी रणनीति मजबूत कर रहा है। अब आपदा आने के बाद कार्रवाई करने के बजाय रोकथाम, पूर्वानुमान और पहले से तैयारी पर निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमालय और पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी घाट तक देश की भौगोलिक परिस्थितियां अलग-अलग हैं, इसलिए लगातार शोध और संस्थानों के बीच समन्वय जरूरी है। भूस्खलन संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और पूर्वानुमान का दायरा बढ़ाया जा रहा है तथा भू-स्थानिक तकनीक, उपग्रहों, सेंसर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से जोखिम आकलन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

अमृता विश्व विद्यापीठम ने वर्ष 2006 में भूस्खलन अनुसंधान शुरू किया था और केरल के मुन्नार में पूर्व चेतावनी के लिए वायरलेस सेंसर नेटवर्क विकसित किया था, जिसके बाद सिक्किम में एआई आधारित निगरानी तकनीक का विस्तार किया गया। मंच की अध्यक्ष और विश्वविद्यालय की प्रो-वाइस चांसलर डॉ. मनीषा विनोदिनी रमेश तथा अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन संघ के अध्यक्ष प्रो. जेल्को अर्बानास ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीनिवास कुमार तुम्माला, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण एस. वत्सा और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के महानिदेशक दिनेश विट्ठलराव गनवीर भी शामिल हुए। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों में यूनेस्को की आपदा जोखिम न्यूनीकरण इकाई के प्रमुख डॉ. सोइचिरो यासुकावा समेत विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ मौजूद रहे। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी भी मंच को संबोधित करेंगे।