उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने झांसी में 21 और 22 नवंबर को हुई सीनियर महिला शतरंज प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए प्रदेश की महिला टीम का चयन किया है। इस टीम में कानपुर की आकृति गुप्ता को जगह मिली है। वह 30 नवंबर से 10 दिसंबर तक तेलंगाना में होने वाली राष्ट्रीय महिला शतरंज चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

झांसी में प्रदेश की 48 सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ियों के बीच छह राउंड के मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में सटीक चालों के दम पर जीत हासिल करने वाली चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ है। आकृति गुप्ता के अलावा झांसी की पूर्वी राजपूत, वाराणसी की विधि और प्रयागराज की प्रिया यादव को टीम में शामिल किया गया है।

कानपुर शतरंज एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि सीनियर महिला शतरंज में शहर की निकिता निषाद, तनु निषाद और प्रशंसा वर्मा ने भी छाप छोड़ी है। उन्होंने बताया कि 64वीं बिलाबांग शतरंज प्रतियोगिता में स्कूली खिलाड़ियों ने अंडर-8, अंडर-11, अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में सटीक चालें चलकर जीत हासिल की।

अंडर-8 आयु वर्ग में जोशुआ और दृषा, अंडर-11 में वेदांश और सान्वी, अंडर-15 में अध्यांश और कृतिका तथा अंडर-17 वर्ग में विनायक और हिमानी ने पहला स्थान हासिल किया।