मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। वहां से वे सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
हनुमानगढ़ी के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में साष्टांग दंडवत कर प्रभु के चरणों में शीश नवाया और देश-प्रदेशवासियों के कल्याण तथा सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। दर्शन-पूजन के समय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ समारोह में शामिल होने के लिए रामनगरी पहुंचे थे। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में उन्होंने भाग लिया। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पावन पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है।
