सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आदर्श कुमार गोयल ने रविवार को कहा कि रेप जैसे गंभीर अपराधों में कठोर सजा जरूरी है, लेकिन झूठे मामलों से निर्दोष व्यक्ति की जिंदगी बचाने के लिए प्रभावी कानूनी सुरक्षा भी होनी चाहिए। उन्होंने यह बात नई दिल्ली के ओपी जिंदल ऑडिटोरियम में आयोजित एकम न्याय कॉन्फ्रेंस 2026 के दूसरे संस्करण में कही।
जस्टिस गोयल ने कहा कि आपराधिक मामला दर्ज होने के बाद व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा, परिवार, व्यवसाय और भविष्य प्रभावित हो सकते हैं। पांच या दस साल बाद बरी होने तक उसके जीवन को गंभीर नुकसान पहुंच चुका होता है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के राजेश शर्मा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले का उल्लेख करते हुए वैवाहिक विवादों में अनावश्यक गिरफ्तारी रोकने और निष्पक्ष जांच पर हुए न्यायिक प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने सुझाव दिया कि उपयुक्त मामलों में तत्काल गिरफ्तारी के बजाय दोनों पक्षों को सुनने और तथ्यों की प्रारंभिक जांच जैसे उपाय अपनाए जाने चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनों के दुरुपयोग पर चर्चा करना महिलाओं के अधिकारों का विरोध नहीं है। वास्तविक पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को झूठे आरोपों से बचाना भी न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने वैवाहिक मुकदमों और झूठे मामलों की आशंका से विवाह को लेकर बढ़ते डर पर चिंता जताई और पारिवारिक विवादों में पैरेंटल एलियनेशन के मुद्दे पर ध्यान देने की जरूरत बताई।
दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व जस्टिस पूनम ए. बंबा ने कहा कि वैवाहिक विवादों में वकीलों को मुकदमे लड़ने के साथ संवाद और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विवाह से पहले प्री-लिटिगेशन काउंसलिंग और बच्चों के हितों का ध्यान रखने पर जोर दिया। सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट विकास नागवान ने कहा कि झूठे मुकदमे व्यक्ति की जिंदगी और प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं और मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाया।
एकम न्याय फाउंडेशन की संस्थापक दीपिका नारायण भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं के मुद्दों की तरह पुरुषों से जुड़े विषयों पर भी राष्ट्रीय स्तर पर संवाद जरूरी है। सम्मेलन में कानूनों के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामलों पर खोजी पत्रकारिता के लिए एक पत्रकार को विशेष सम्मान दिया गया।
