मीरजापुर में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के विशेष अभियान के तहत रविवार को जनपद भर के बूथों पर कुल 2574 लोगों ने फॉर्म छह भरकर जमा किया। इनमें 18 और 19 वर्ष के 503 युवा तथा 1036 महिलाएं शामिल हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है।
अभियान के दौरान मृतकों के नाम हटाने के लिए 140 लोगों ने फॉर्म सात भरा, जबकि स्थानांतरण के लिए 87 और डुप्लीकेट प्रविष्टि के लिए 56 लोगों ने फॉर्म सात जमा किया। वहीं 340 लोगों ने फॉर्म आठ भरा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अभियान 28 और 29 नवंबर को भी चलाया जाएगा। इन दिनों सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे, जहां लोग बूथ पर जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम सूची में देख सकते हैं।
उप जिलाधिकारी अनेग सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया और निर्देश दिए कि मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। कोई भी पात्र मतदाता नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर जाकर सत्यापन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। मड़िहान तहसीलदार आशीष शुक्ला ने भी गांवों में पहुंचकर कार्य की प्रगति जांची और बीएलओ व सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस बीच केबीपीजी कालेज में शुद्ध मतदाता सूची का महत्व विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अदलहाट में भी नव मतदाता जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जिसमें नए मतदाताओं से संपर्क कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
