भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय सिंह उर्फ राहुल भैया ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि 2020 में कांग्रेस सरकार गिरने की जिम्मेदारी तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दोनों पर बराबर है। उन्होंने दिग्विजय सिंह द्वारा अकेले कमलनाथ को जिम्मेदार ठहराए जाने को अनुचित बताया। अजय सिंह के इस बयान से कांग्रेस के भीतर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है।
अजय सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के समय कमलनाथ के साथ दिग्विजय सिंह भी सत्ता के प्रमुख केंद्र बिंदु थे और यह बात जनता तथा पूरे मध्यप्रदेश को पता थी। उनके अनुसार सरकार गिरने की जिम्मेदारी किसी एक पर नहीं, बल्कि दोनों नेताओं पर आती है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेता इस स्थिति को सही तरीके से संभालने में विफल रहे, जबकि सवाल एक पद का ही था।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सिंधिया चाहते थे कि उन्हें एक पद मिल जाए, लेकिन कमलनाथ ने दोनों पद अपने पास रखने की बात कही। इसके बाद सार्वजनिक तौर पर सड़क पर उतरने जैसी बातें हुईं, जो वरिष्ठ नेताओं के बीच उचित नहीं थीं और मामला और बिगड़ गया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह परिपक्व नेता हैं और उन्हें परिस्थितियों को संभालना चाहिए था।
गौरतलब है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मामूली अंतर से बहुमत हासिल किया था और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। करीब 15 महीने बाद सिंधिया ने अपने समर्थक 22 विधायकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया, जिसके चलते सरकार अल्पमत में आ गई और कमलनाथ को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। दिग्विजय सिंह ने 2025 के एक इंटरव्यू में कहा था कि कमलनाथ ने सिंधिया की बात मान ली होती तो शायद सरकार नहीं गिरती।
