कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया। राहुल ने कहा कि इन संगठनों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है। उन्होंने एक्स पर एलिफेंटा की गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर शेयर की, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती एक ही स्वरूप में दिखाई देते हैं। राहुल ने लिखा कि जितना वह भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को समझ रहे हैं, उतना ही यह साफ होता जा रहा है। पिछले छह दिनों में यह उनका दूसरा पोस्ट है।

इससे पहले 17 नवंबर को राहुल गांधी ने 12वीं सदी की शिव-पार्वती की एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी नजर आई थीं। यह पोस्ट उस ट्रोलिंग के बाद आई थी जो 'खाना खाते वक्त मां पापा की गोद में बैठती थीं' वाले किस्से पर हुई थी। उस पोस्ट में राहुल ने कहा था कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है।

राहुल की पोस्ट पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है। सरमा ने इसे ऐसा अहंकार बताया जो इतना बढ़ गया है कि व्यक्ति खुद को ही दिव्य मानने लगता है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू होता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ईश्वर की तरह पेश करने लगता है।