भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे और 23 दिसंबर को होने वाले निगम चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुटने की अपील की। सेक्टर-27 में आयोजित बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश के विकास से ज्यादा अपने परिवार और पार्टी की चिंता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता विदेश जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। नबीन ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर काम करता है, किसी विदेशी एजेंडे पर नहीं।

दिल्ली में भाजपा की जीत का जिक्र करते हुए नबीन ने कहा कि अब चंडीगढ़ के रास्ते पंजाब में भी पार्टी के विस्तार का रास्ता तैयार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जल्द ही पंजाब में भी कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों को चुनौती देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चंडीगढ़ में कमल खिलाने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरने की अपील की।

नबीन ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्ट टाइम पॉलिटिशियन नहीं है, बल्कि 24 घंटे और 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2024 के चुनाव परिणाम में मिली हार का जवाब 2026 के चुनाव में देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जो कमियां रह गई थीं, उन्हें दूर कर जनता के बीच पार्टी के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जाना होगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और उनकी टीम से चंडीगढ़ के विकास का रोडमैप तैयार कर संकल्प पत्र के साथ जनता के बीच जाने को कहा। चंडीगढ़ को मिनी भारत बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां अलग-अलग राज्यों, भाषाओं, धर्मों और संप्रदायों के लोग आपसी सौहार्द के साथ रहकर शहर के विकास में योगदान दे रहे हैं।

नबीन ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई कदम उठाए हैं। स्वच्छ भारत अभियान के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण और लखपति दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बना रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी वंदन अधिनियम को जल्द लागू किया जाएगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्ष पर वोट चोरी का झूठा आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से मृत लोगों, दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं और संदिग्ध नामों को हटाना जरूरी है और कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर ऐसे नामों की पहचान कर चुनाव आयोग तक जानकारी पहुंचाने की अपील की।