इटली में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पुश्तैनी घर को म्यूजियम के रूप में संरक्षित किया गया है। घर के मालिक सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में यह जानकारी दी और गांधी परिवार को इसे देखने के लिए आने का न्योता दिया।

कांग के मुताबिक, इस संपत्ति को सोनिया गांधी की जीवन यात्रा दिखाने वाले म्यूजियम के रूप में विकसित किया गया है। इसमें इटली में उनके शुरुआती दौर से लेकर भारत में उनके राजनीतिक जीवन तक की कहानी दर्ज की जाएगी। घर में सोनिया के बचपन से लेकर भारत में उनके राजनीतिक करियर तक की झलक मिलेगी और उनकी तस्वीरें भी प्रदर्शित की जाएंगी।

कांग ने बताया कि गांधी परिवार की ओर से दी जाने वाली चीजें भी घर के अंदर रखी जाएंगी, जिससे पर्यटकों को सोनिया गांधी के जीवन और उनकी यात्रा के बारे में अधिक जानने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह म्यूजियम केवल सोनिया गांधी को समर्पित है और उनकी यादों को सहेजता है। पहले इस घर पर ताला रहता था, अब एक केयरटेकर नियुक्त की गई है, जिससे पर्यटकों को घर में एंट्री मिल सके। कांग के अनुसार, यह जगह केरलम से आने वाले भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करती है।

कांग ने कहा कि उनके परिवार और इटली के स्थानीय ग्रामीणों के लिए यह गर्व की बात है कि इसी साधारण घर में जन्म लेने वाली सोनिया गांधी भारत में बड़े सार्वजनिक पद तक पहुंचीं। उन्होंने कहा कि भारत से जुड़े लोगों का दूसरे देश में जाकर सफल होना गर्व की बात है। कांग ने कहा, "यह ग्रामीणों के लिए बहुत खुशी की बात है। आपके जरिए हम परिवार तक यह संदेश पहुंचा रहे हैं कि कृपया घर देखने जरूर आएं।"