पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल से रिटायरमेंट के बाद उनसे जुड़े किस्से सामने आ रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया है कि 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के एक खिलाड़ी ने कप्तान धोनी के साथ बदसलूकी की थी और उन्हें गाली दी थी। चोपड़ा के मुताबिक, मामला इतना बढ़ गया कि टीम के आसपास मौजूद लोगों ने धोनी को उस खिलाड़ी को घर भेजने की सलाह दी, लेकिन धोनी ने ऐसा करने से मना कर दिया।

चोपड़ा ने धोनी के सोचने के तरीके की तारीफ करते हुए बताया कि उन्होंने खिलाड़ी की गलती के बजाय टीम के हित को प्राथमिकता दी। चोपड़ा के अनुसार धोनी ने कहा था कि वह खिलाड़ी बेवकूफों जैसी हरकत कर रहा है, लेकिन कप्तान वह हैं। अगर वह अपने अहंकार को बीच में आने दें तो उसका बैग पैक करवाकर उसे घर भेज सकते हैं, लेकिन वह खिलाड़ी उनके काम आएगा और चेन्नई को जीत दिलाने में मदद करेगा। इसलिए उन्होंने अपने अहंकार को पीछे रखने का फैसला किया।

चोपड़ा ने उस खिलाड़ी का नाम नहीं बताया और यह भी स्पष्ट नहीं किया कि उसने धोनी के साथ ऐसा व्यवहार किस वजह से किया था। उन्होंने धोनी के फैसले को शानदार बताते हुए कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत नाराजगी को टीम के प्रदर्शन पर हावी नहीं होने दिया। खिलाड़ी को टीम में बनाए रखने का यह फैसला आखिरकार सफल रहा और चेन्नई ने 2023 में आईपीएल खिताब जीत लिया।

धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल खिताब जीते हैं। चोपड़ा ने कहा कि धोनी का योगदान सिर्फ रन बनाने या विकेट के पीछे प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने आईपीएल को बड़ी पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके मुताबिक धोनी के जाने से आईपीएल पहले जैसा नहीं रहेगा।