बदायूं में रविवार को इस्लामिया इंटर कालेज के मैदान में सद्भावना क्रिकेट मैच के दौरान रिटायर्ड सीओ मनोज कुमार सिंह को अचानक हार्टअटैक पड़ गया। खेलते-खेलते वह मैदान पर ही गिर पड़े। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मनोज कुमार सिंह बरेली की महानगर कालोनी में रहते थे। वह पुलिस विभाग से सीओ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। चंदौसी में सीओ रहने से पहले उन्होंने बदायूं में शहर कोतवाली इंस्पेक्टर का पदभार भी संभाला था। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह खुद को फिट रखने के लिए नियमित रूप से क्रिकेट या वालीबॉल खेलते थे।
हृदय रोग विशेषज्ञ डाॅ. शरद कुमार गुप्ता ने बताया कि बदलती लाइफस्टाइल का असर सीधे शरीर पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती ठंड में खतरा सबसे ज्यादा रहता है और इस दौरान सर्दी, खांसी व बुखार की दिक्कत आम है। शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीजों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उन्हें तनाव नहीं लेना चाहिए और उम्र व बीमारियों के हिसाब से ही काम करना चाहिए। एक्सरसाइज करते समय ज्यादा भार न लें और हृदय, शुगर व बीपी की जांच कराते रहें।
