विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत गुरुवार से न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेलेगा। मैदान की हवादार और तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जा रही परिस्थितियों में टीम इंडिया के सामने कड़ी चुनौती है। कप्तान शुभमन गिल की रणनीतिक सूझबूझ और दबाव झेलने की क्षमता की भी परीक्षा होगी।

बेसिन रिजर्व में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड साधारण रहा है। टीम ने यहां 1968 में अपना पहला मुकाबला खेला था, जिसमें उसे 8 विकेट से जीत मिली थी। लेकिन इसके बाद के 7 टेस्ट में भारत एक भी मैच नहीं जीत पाया। इनमें न्यूजीलैंड को 5 जीत मिलीं, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे। 2020 के पिछले दौरे पर खेले गए टेस्ट में न्यूजीलैंड ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी।

2020 के उस टेस्ट में भारतीय टीम दोनों पारियों में 200 रन तक नहीं पहुंच पाई थी। विराट कोहली की कप्तानी में टीम पहली पारी में 165 रन पर सिमट गई थी, जिसमें टिम साउदी और काइल जेमिसन ने 4-4 विकेट झटके थे। दूसरी पारी में टीम ने 191 रन बनाए थे, जिसमें साउदी ने 5 और बोल्ट ने 4 विकेट लिए थे। साउदी और बोल्ट इस बार टीम में नहीं हैं, लेकिन मैट हेनरी के रूप में न्यूजीलैंड के पास खतरनाक पेसर मौजूद है।

भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, साई सुदर्शन, गुरनूर बरार और वाशिंगटन सुंदर।

न्यूजीलैंड टीम: टॉम लाथम (कप्तान), रचिन रविंद्र, विल यंग, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, हेनरी निकोल्स और डेवोन कॉन्वे।