समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। लखनऊ में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केंद्र में 10-12 साल सत्ता में रहने के बाद भी बीजेपी इतनी मजबूत नहीं हो पाई कि अकेले दम पर चुनाव लड़ सके। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पंजाब में चुनाव लड़ने के लिए भाजपा को अकाली दल का साथ चाहिए, तो उत्तर प्रदेश में उसे कितनी बैसाखियों की जरूरत पड़ेगी। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी को दाएं से पकड़ने वाला, बाएं से सहारा देने वाला, पीछे से संभालने वाला और आगे से थामने वाला चाहिए।

अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए फिर से हाथ मिला लिया है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में मुलाकात की। इसके बाद दोनों दलों ने गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। इस गठबंधन का मकसद पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का मुकाबला करना है। अमित शाह ने कहा कि अकाली दल मंगलवार से ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल हो रहा है और यह उनके सबसे पुराने सहयोगियों में से एक है।

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन काफी पुराना रहा है, लेकिन 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर उनके रिश्ते टूट गए थे। अकाली दल ने इन कानूनों का विरोध करते हुए एनडीए से नाता तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन इसके बावजूद दोनों दलों ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा। अब करीब 6 साल बाद दोनों पार्टियां फिर साथ आई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत किया है और दोनों दलों की साझेदारी को स्वाभाविक गठबंधन बताया है।

पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के चुनावी प्रदर्शन पर नजर डालें तो 2007 और 2012 में गठबंधन ने अच्छा प्रदर्शन किया था। 2007 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 48 और बीजेपी ने 19 सीटें जीती थीं, जबकि 2012 में अकाली दल को 56 और बीजेपी को 12 सीटें मिली थीं। हालांकि, इसके बाद दोनों दलों का प्रदर्शन लगातार कमजोर होता गया। 2017 के चुनाव में अकाली दल 15 सीटों पर सिमट गया, जबकि बीजेपी को सिर्फ तीन सीटें मिलीं। 2022 में अकाली दल को केवल तीन और बीजेपी को दो सीटें मिलीं, जबकि आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की।