समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 'जन-मन का मेनिफेस्टो' जारी किया। 'सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र' नाम से जारी इस घोषणापत्र में रोजगार, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुरक्षा को केंद्र में रखा गया है। इसमें पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के साथ युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और छोटे कारोबारियों से जुड़े वादे शामिल हैं।

घोषणापत्र में पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख पद तत्काल भरने का वादा किया गया है। भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर बनाने, पेपर लीक पर संबंधित अधिकारी और मंत्री की जवाबदेही तय करने तथा नौकरी मिलने तक स्नातकों को पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने की बात कही गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 150 दिन रोजगार की कानूनी गारंटी और शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने का भी वादा है।

कृषि क्षेत्र में तत्काल कर्जमाफी, 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी तथा गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कार्पस फंड बनाने की घोषणा की गई है। महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन का वादा भी शामिल है। सामाजिक न्याय के एजेंडे में जातिगत जनगणना, आरक्षण और संविधान की रक्षा तथा 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा केवल घोषणापत्र बनाती नहीं, बल्कि उसे लागू भी करती है। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या दल का हो, उसे जेल भेजा जाएगा और अपराध के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति होगी। जमीन विवादों के समाधान के लिए विशेष एसटीएफ बनाने, हर जिले में साइबर यूनिट स्थापित करने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस ढांचे का भी वादा किया गया। महिलाओं के लिए अलग विस्तृत घोषणापत्र और सभी जिलों के लिए अलग घोषणापत्र जारी किए जाएंगे।