प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर एक बजे दिल्ली के सेवा तीर्थ में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। यह इस सप्ताह कैबिनेट की दूसरी बैठक है, जबकि आमतौर पर ऐसी बैठक सप्ताह में एक बार होती है। उधर कांग्रेस ने शाम 4:30 बजे संसदीय समिति की बैठक बुलाई है, जिसमें INDIA ब्लॉक के नेता भी शामिल होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों बैठकों में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है और सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को फिर से पेश कर सकती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक के चलते NDA के कई मंत्रियों और सांसदों ने अपनी यात्राएं रद्द कर दीं और कुछ ने दिल्ली पहुंचने के लिए जल्दबाजी में फ्लाइट भी बुक की। विशेष सत्र में लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस सत्र में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा और जरूरी सरकारी कामकाज पर ध्यान दिया जाएगा।

विधेयकों के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 किया जा सकता है। सरकार का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है और वह इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है। इससे पहले 17 अप्रैल को विशेष सत्र में संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया गया था, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण वह पारित नहीं हो सका। उस समय 528 सांसदों ने मतदान किया था, जिनमें 298 ने विधेयक के पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया था।

विपक्ष की मांग है कि राज्यों के प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने के सरकार के आश्वासन को विधेयक में कानूनी गारंटी दी जाए। कुछ विपक्षी दलों ने यह भी सुझाव दिया है कि महिला आरक्षण को लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के आधार पर ही लागू किया जाए। परिसीमन के मुद्दे पर DMK ने कहा है कि वह लोकसभा सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन कर सकती है, लेकिन राज्य की मौजूदा करीब 7.2% हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए। पार्टी नेताओं के मुताबिक, विधेयक संसद में पेश होने के बाद पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन इस पर अंतिम फैसला लेंगे।