दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को शुक्रवार से आम लोगों के लिए खोला जा रहा है। PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने X पर जानकारी दी कि पहले मीडिया टूर कराया जाएगा, उसके बाद लोग टिकट लेकर बंगला देख सकेंगे। जनता के लिए विजिट टिकट 20 रुपए रहने की संभावना है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज छात्रों की एंट्री फ्री रहेगी। वर्मा ने केजरीवाल के सीएम पद की पहली शपथ का वीडियो भी साझा किया और रेनोवेशन को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण बताया। केजरीवाल 2015 से 2024 तक करीब 9 साल परिवार के साथ इस बंगले में रहे। भाजपा ने रेनोवेशन के खर्च पर सवाल उठाते हुए इसे 'शीशमहल' कहा था।

सरकार की योजना बंगले को कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने की है। इसके बाद इसे एक निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है, जो यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों का आयोजन कर सकती है। इस संबंध में प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है। बंगले की साफ-सफाई और देखभाल के लिए करीब 10 कर्मचारी तैनात हैं। केजरीवाल के परिवार के बंगला खाली करने के बाद PWD ने इसके अंदरूनी हिस्सों का विस्तृत ऑडिट भी कराया था।

पिछले साल दिल्ली विधानसभा में पेश CAG रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपए खर्च हुए थे, जो शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपए से करीब 342% ज्यादा था। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें से करीब 18.88 करोड़ रुपए महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च हुए। CAG ने प्रोजेक्ट में नियमों की अनदेखी, फंड के गलत इस्तेमाल और लागत में भारी बढ़ोतरी जैसी अनियमितताओं का जिक्र किया है।

साल 2022 में दिल्ली के तत्कालीन उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने रेनोवेशन में गड़बड़ी और कीमत से ज्यादा खर्च की जांच की थी। इस मामले की CBI जांच भी चल रही है, जिसकी शिकायत भाजपा विधायक और तत्कालीन विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने की थी।