कांग्रेस ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाना चाहती है। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और शशि थरूर ने भी सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि वह इस मुद्दे पर विरोध जारी रखेगी।

केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए हर साल अधिकतम 6,000 रुपए देगी। इसके तहत देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से कोर्स करने का मौका मिलेगा। कोर्स मैदानी कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक के लिए होंगे और कौन-से कोर्स उपलब्ध होंगे, इसका फैसला संबंधित विभाग करेगा। योजना का उद्देश्य कर्मचारियों की योग्यता और कार्यक्षमता बढ़ाना है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इसके दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। योजना मिशन कर्मयोगी के तहत आई गॉट मार्केटप्लेस के जरिए लागू होगी। कर्मचारियों को पहले अपनी जेब से कोर्स की फीस देनी होगी और कोर्स पूरा करने के 30 दिनों के भीतर सर्टिफिकेट और फीस की रसीद विभाग में जमा करनी होगी, जिसके बाद उनके खाते में पैसे भेजे जाएंगे। कर्मचारी एक से अधिक कोर्स कर सकते हैं, लेकिन सालाना भुगतान 6,000 रुपए से ज्यादा नहीं होगा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दो साल से अटकी परियोजनाओं के लिए छह महीने में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा कराया, जिससे कई प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू हो सका। गडकरी ने भरोसा दिलाया कि राज्य में नेशनल हाईवे परियोजनाओं के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में 8,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की 22 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और राज्य के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर पैकेज का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि बंगाल में पहले से ही 2 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

तेलंगाना के हैदराबाद में संविधान दिवस पर कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। BRS नेता मन्ने कृष्णांक के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता एक रेस्टोरेंट में राहुल गांधी का पुतला रखकर बिरयानी प्रोटेस्ट कर रहे थे। उनका आरोप था कि कांग्रेस सरकार ने दो लाख सरकारी नौकरियां देने और जॉब कैलेंडर लागू करने का वादा पूरा नहीं किया। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण कार्यक्रम पर हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का लोकतांत्रिक अधिकार है और हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।