गोवा विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस छोटे और क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन की तैयारी कर रही है। पार्टी गोवा फॉरवर्ड ब्लॉक और रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी समेत कुछ अन्य क्षेत्रीय दलों के साथ चुनाव लड़ सकती है, ताकि भाजपा के खिलाफ विपक्षी वोटों में बंटवारा न हो। गोवा में कांग्रेस पिछले 15 वर्षों से सत्ता से बाहर है और 2012 के बाद से उसका वोट प्रतिशत लगातार घट रहा है, जबकि भाजपा ने अपना वोट प्रतिशत बनाए रखा है।
2022 के चुनाव में कांग्रेस का वोट प्रतिशत 28.5 प्रतिशत से घटकर 23 प्रतिशत रह गया था, जबकि भाजपा का वोट 32 प्रतिशत बना रहा। इस तरह दोनों के वोट प्रतिशत में करीब 10 प्रतिशत का अंतर है, जो 40 सीटों वाली विधानसभा में अहम माना जाता है। पार्टी के सामने अपना वोट बढ़ाने के साथ भाजपा विरोधी वोट को एकजुट रखने की चुनौती है, इसीलिए वह गठबंधन के विकल्प तलाश रही है।
रणनीतिकारों के मुताबिक, 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिले करीब सात प्रतिशत वोट ने हार-जीत में अहम भूमिका निभाई थी और कांग्रेस को पांच सीटों का नुकसान हुआ था। पार्टी मानती है कि इस बार आप का प्रभाव कम हुआ है, क्योंकि 2022 में दिल्ली में उसकी सरकार थी। पार्टी के एक नेता के मुताबिक, गठबंधन को लेकर कांग्रेस आलाकमान की मंजूरी मिल चुकी है और कई दलों के साथ चर्चा चल रही है; जल्द गठबंधन और सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस को उम्मीद है कि आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना का प्रभाव भी कमजोर पड़ेगा। 2022 में तृणमूल और महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी के गठबंधन ने दो सीट जीतते हुए करीब 13 प्रतिशत वोट हासिल किए थे, जिसमें साढ़े पांच प्रतिशत वोट अकेले तृणमूल को मिला था। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, तृणमूल पहले ही आपसी झगड़े से जूझ रही है, इसलिए संभव है कि वह इस बार चुनाव से दूर रहे। वहीं गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष और विधायक विजय सरदेसाई ने कहा है कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना तलाश रही है, क्योंकि आप के कांग्रेस विरोधी रुख की वजह से गोवा फर्स्ट गठबंधन पर बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है।
