अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में चार करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बर्न आईसीयू वार्ड तैयार हो गया है। वार्ड में चार बेड की सुविधा होगी। इसमें बर्न टप के साथ वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, केंद्रीय ऑक्सीजन आपूर्ति और संक्रमण नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई है। झुलसे मरीजों के उपचार के लिए विशेषज्ञ सर्जनों की टीम उपलब्ध रहेगी।

अस्पताल में अब तक आग से झुलसे मरीजों को केवल प्राथमिक उपचार मिलता था और सुविधाओं के अभाव में उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता था। नए वार्ड से अल्मोड़ा के साथ बागेश्वर और पिथौरागढ़ के मरीजों को हल्द्वानी और महानगरों की दौड़ से राहत मिलेगी। पहाड़ में वनाग्नि के दौरान वन विभाग के कर्मचारी और अग्नि प्रहरी कई बार झुलस जाते हैं, वहीं सर्दियों में अंगीठी और हीटर की चपेट में आने से भी झुलसने के मामले सामने आते हैं। ऐसे मरीजों के लिए यह वार्ड महत्वपूर्ण साबित होगा। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ने पर ऋषिकेश एम्स समेत हायर सेंटर जाना पड़ सकता है।

वार्ड के संचालन के लिए आठ नर्सिंग कर्मियों, चार वार्ड ब्वाय और तीन पैरामेडिकल कर्मचारियों की आवश्यकता है। अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी बनी हुई है, लेकिन जल्द ही प्रशिक्षित नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ वार्ड ब्वाय की तैनाती की जाएगी। स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से मरीजों पर आर्थिक बोझ कम पड़ेगा और समय पर उपचार भी मिल सकेगा।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीसी पुनेरा के अनुसार बर्न आईसीयू वार्ड तैयार हो चुका है और जल्द ही इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे झुलसे मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधाएं मिल सकेंगी।